कांकेर में कार हादसे में 4 युवकों की जलकर मौत, बलौदाबाजार में बाइक सवार 2 की गई जान.

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर आतुर गांव के पास पुल से टकरा गई, जिससे कार में आग लग गई।

कार में सवार छह युवकों में से चार की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई। दो युवक किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दोस्त को छोड़ने के बाद लौट रहे थे युवक

जानकारी के अनुसार, सभी युवक ढोण्डरापाल गांव के रहने वाले थे और कांकेर से अपने एक दोस्त को छोड़कर वापस लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार आग का गोला बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रात भर राहत कार्य जारी रहा और सुबह फॉरेंसिक टीम की मदद से जली हुई बॉडी बाहर निकाली गई।

बलौदाबाजार में ट्रैक्टर से भिड़ी बाइक, दो की मौत

बलौदाबाजार जिले के सलौनी गांव के पास एक और सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तीन युवक बाइक से भाठागांव से लौट रहे थे तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर की हेडलाइट बंद थी, जिससे अंधेरे में टक्कर हो गई। हादसे में उमाशंकर ध्रुव (27) और दीपेंद्र ध्रुव (14) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि यशवंत ध्रुव (19) गंभीर रूप से घायल हो गया।

उसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *