छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी.

छत्तीसगढ़ में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है और इसके चलते राज्य के कई इलाकों में बारिश तेज हो गई है। शुक्रवार को राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की फुहारें देखने को मिलीं, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिली।

बस्तर संभाग में तेज बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोंडागांव और बस्तर जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवाएं, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

सरगुजा अंचल भी अलर्ट पर
उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिलों में भी मौसम विभाग ने बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं तेज गरज के साथ बारिश होगी।

राजधानी समेत अन्य जिलों में भी भारी बारिश के आसार
रायपुर, भिलाई, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव और बलौदाबाजार सहित आसपास के जिलों में भी तेज बारिश हो सकती है। नागरिकों को खराब मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।

जनजीवन पर असर, स्कूलों में उपस्थिति घटी
लगातार हो रही बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव की स्थिति बन गई है। स्कूल-कॉलेजों में छात्रों की उपस्थिति पर भी असर पड़ा है। हालांकि किसान अच्छी बारिश से संतुष्ट नजर आ रहे हैं, लेकिन शहरी इलाकों में ट्रैफिक और जलजमाव की समस्या चिंता बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *