बजट 2026-27: 25 डायलिसिस कैंप, 50 जनऔषधि केंद्र

छत्तीसगढ़ सरकार ने बजट 2026-27 में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए व्यापक प्रावधान किए हैं। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

शहीद वीरनारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के लिए 1500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे पात्र नागरिकों को निःशुल्क उपचार की सुविधा विस्तारित होगी। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 2000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु 25 विकासखंडों में डायलिसिस कैंप स्थापित किए जाएंगे, जबकि 50 विकासखंडों में जनऔषधि केंद्र खोले जाएंगे। इससे सस्ती दवाओं की उपलब्धता और स्थानीय स्तर पर उपचार सुनिश्चित होगा।

बिलासपुर में राज्य कैंसर संस्थान की स्थापना, रायपुर में होम्योपैथी कॉलेज की शुरुआत तथा विभिन्न जिलों में मेडिकल कॉलेजों के संचालन और विस्तार का भी प्रावधान किया गया है। चिकित्सा अधोसंरचना सुदृढ़ करने के लिए जिला अस्पतालों, मातृ-शिशु अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण को स्वीकृति दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *