राजधानी क्षेत्र नवा रायपुर में 27 और 28 मार्च को प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित है। ‘मोर माटी, मोर मान’ विषय पर आधारित यह दो दिवसीय कार्यक्रम राज्य से बाहर तथा विदेशों में निवासरत छत्तीसगढ़ मूल के नागरिकों को एक साझा मंच प्रदान करेगा।
प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में की गई। विभिन्न विभागों को आयोजन की रूपरेखा, प्रबंधन और समन्वय संबंधी दायित्व सौंपे गए हैं। प्रवासी प्रतिभागियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन पंजीयन पोर्टल विकसित किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और लोकसंगीत की प्रस्तुतियां होंगी। अतिथियों के स्वागत हेतु क्षेत्रीय व्यंजनों की व्यवस्था भी की जाएगी। सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रवासियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त निवेश एवं औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी तथा प्रवासी उद्यमियों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जाने की योजना है। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रवासी समुदाय की भागीदारी के माध्यम से विकास को गति देना है।