भारत का पहला स्पेस प्रोसेसर विक्रम 3201 लॉन्च, अंतरिक्ष मिशनों मे मजबूती

भारत ने सेमीकॉन इंडिया 2025 सम्मेलन में देश का पहला स्वदेशी 32-बिट स्पेस प्रोसेसर ‘विक्रम 3201’ लॉन्च किया।

इस प्रोसेसर को इसरो और चंडीगढ़ स्थित सेमीकंडक्टर लेबोरेटरी (SCL) ने संयुक्त रूप से विकसित किया है।

इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में इसे पेश किया।

यह प्रोसेसर लॉन्च व्हीकल्स में नेविगेशन, कंट्रोल और मिशन मैनेजमेंट को मजबूती देगा।

क्यों खास है विक्रम 3201 स्पेस प्रोसेसर

‘विक्रम 3201’ को –55 से +125 डिग्री सेल्सियस तापमान पर काम करने के लिए डिजाइन किया गया है।

यह मिलिट्री-ग्रेड मानकों पर तैयार किया गया है, जिससे यह रेडिएशन और वाइब्रेशन जैसी कठिन परिस्थितियों में भी सक्रिय रह सके।

इसमें 32-बिट आर्किटेक्चर, 64-बिट फ्लोटिंग-प्वाइंट ऑपरेशन और Ada प्रोग्रामिंग लैंग्वेज का सपोर्ट शामिल है।

बेहतर कम्युनिकेशन के लिए इसमें ऑन-चिप 1553B बस इंटरफेस भी मौजूद है।

पहले इसरो 2009 से ‘विक्रम 1601’ (16-बिट प्रोसेसर) का इस्तेमाल कर रहा था।

सफल परीक्षण और आगे की तैयारी

‘विक्रम 3201’ का सफल परीक्षण PSLV-C60 मिशन के दौरान हो चुका है।

इसने PSLV Orbital Experimental Module (POEM-4) में मिशन मैनेजमेंट कंप्यूटर को पूरी तरह संचालित किया।

मार्च 2025 में इसरो ने ‘कल्पना 3201’ नामक एक अन्य स्वदेशी प्रोसेसर भी पेश किया था।

इसके साथ ही इसरो ने चार और स्वदेशी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लॉन्च किए, जो आयात पर निर्भरता कम करेंगे।

आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम

स्पेस-ग्रेड प्रोसेसर वैश्विक बाजार में आसानी से उपलब्ध नहीं होते और इन्हें अक्सर विदेशों से आयात करना पड़ता है।

‘विक्रम 3201’ के लॉन्च से भारत ने अंतरिक्ष मिशनों के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है।

यह सप्लाई चेन बाधाओं और आयात निर्भरता को कम करेगा और भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम को और मजबूत बनाएगा।

इसरो ने इसके लिए एडीए कंपाइलर, असेंबलर, लिंकर्स, सिमुलेटर और डेवलपमेंट एनवायरनमेंट समेत पूरा सॉफ्टवेयर ईकोसिस्टम तैयार किया है।

सेमीकॉन इंडिया सम्मेलन में फोकस

तीन दिन चलने वाले सेमीकॉन इंडिया सम्मेलन में सरकार ने बताया कि देश में 5 नए सेमीकंडक्टर यूनिट्स का निर्माण हो रहा है।

डिजाइन-लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम के तहत भारत अब वैश्विक सप्लाई चेन में मजबूत स्थान हासिल करने की ओर अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *