सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ी, गंगा राम अस्पताल में भर्ती

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक बार फिर दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, उनकी हालत पूरी तरह स्थिर है और उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। यह भर्ती एहतियातन बताई जा रही है, ताकि उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा सके।

अस्पताल से जुड़े सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी को लंबे समय से खांसी की शिकायत रही है। राजधानी में बढ़ते प्रदूषण और ठंड के असर के चलते उनकी सांस संबंधी परेशानी थोड़ी बढ़ गई थी। इसी को देखते हुए सोमवार देर शाम उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सर गंगा राम अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप के अनुसार, सोनिया गांधी को सांस लेने में तकलीफ महसूस हो रही थी और जांच में ब्रोंकियल अस्थमा के लक्षण उभरकर सामने आए। ठंड और प्रदूषण के संयुक्त प्रभाव के कारण यह समस्या बढ़ी थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखने का फैसला लिया।

फिलहाल उनका इलाज एंटीबायोटिक्स और अन्य सहायक दवाओं से किया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि उपचार का उन पर सकारात्मक असर दिख रहा है। उनकी उम्र और पूर्व स्वास्थ्य स्थितियों को देखते हुए चिकित्सक पूरी सावधानी बरत रहे हैं।

डिस्चार्ज को लेकर फैसला उनकी क्लिनिकल प्रोग्रेस के आधार पर लिया जाएगा और संभावना है कि एक-दो दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। पार्टी सूत्रों ने भी कहा है कि सोनिया गांधी की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *