छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से दुखद समाचार आया है। रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन से रायपुर सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। रजनी ताई उपासने ने 1977 के विधानसभा चुनाव में जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की थी। इस जीत के साथ उन्होंने रायपुर शहर की पहली महिला विधायक बनने का गौरव प्राप्त किया। उस समय उन्होंने कांग्रेस की शारदा चरण तिवारी को हराकर यह उपलब्धि हासिल की थी।
राजनीति में सक्रिय होने से पहले वे जनसंघ से जुड़ी हुई थीं और कई आंदोलनों में उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई थी। उनकी सादगी और जनसेवा ने उन्हें जनता के बीच एक अलग पहचान दिलाई। लोकतांत्रिक इतिहास में रायपुर से अब तक केवल एक बार महिला विधायक चुनी गई हैं और वह थीं रजनी ताई उपासने। 46 वर्ष की उम्र में विधायक बनने वाली रजनी ताई ने राजनीति में महिलाओं की भूमिका को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया।