रायपुर पुलिस कर्मियों के लिए हेलमेट पहनना अब पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है। एसएसपी लाल उमेंद सिंह ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि दोपहिया वाहन का उपयोग करते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।
जारी आदेश के अनुसार, यदि कोई पुलिसकर्मी बिना हेलमेट वाहन चलाते हुए पाया गया, तो उस पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ₹1000 का चालान काटा जाएगा। इतना ही नहीं, इसके साथ ही संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
सख्ती का यह कदम पुलिस विभाग की छवि और आम जनता के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करने के उद्देश्य से उठाया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई उल्लंघन करता है, तो उसे दंडित किया जाएगा और यह उल्लंघन उनके सेवा रिकॉर्ड (सर्विस बुक) में भी दर्ज किया जाएगा।
यह निर्देश न केवल सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक है, बल्कि ट्रैफिक नियमों की गंभीरता और समानता को दर्शाता है। आम नागरिकों के साथ-साथ अब पुलिस विभाग भी हेलमेट नियमों का सख्ती से पालन करेगा।