छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते ग्राम बनवार में एक कुआं अचानक धंस गया। इस घटना में एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दब गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा जड़गा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य मोटर पंप निकालने कुएं के पास पहुंचे थे, तभी अचानक जमीन धंस गई और पूरा कुआं बैठ गया। देखते ही देखते तीनों लोग मलबे में समा गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आपदा बचाव दल को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन और ग्रामीणों की आंखें नम हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने की बात कही है। यह हादसा न केवल एक परिवार पर कहर बनकर टूटा, बल्कि पूरे गांव के लिए एक गहरा आघात साबित हुआ है।