अब रायपुर की हर सड़क और गली पर अपराध पर रहेगी पैनी नजर, शहर की निगरानी व्यवस्था होगी और अधिक मजबूत।
राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए एक नई योजना लागू की जा रही है। शहर की 57 नई सड़कों पर 168 एडवांस सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। इनसे पहले ही शहर में 1240 कैमरे एक्टिव हैं, जो ट्रैफिक उल्लंघन, दुर्घटनाओं और आपराधिक गतिविधियों की निगरानी करते हैं।
स्पीड वायलेशन पर सीधा ई-चालान
अब वाहन चालक यदि 45 किमी/घंटा से अधिक की गति से वाहन चलाते हैं, तो उन्हें ई-चालान सीधे घर भेजा जाएगा। इसके लिए शहर के सात प्रमुख मार्गों पर 58 विशेष स्पीड वायलेशन डिटेक्शन कैमरे लगाए जाएंगे।
कई इलाके अब पहली बार आएंगे निगरानी के दायरे में
शास्त्री चौक, कलेक्टोरेट, रेलवे स्टेशन, तेलीबांधा, मालवीय रोड, एमजी रोड, पंडरी, दलदल सिवनी, अशोका रतन कॉलोनी जैसे 41 से अधिक मार्गों पर कैमरे लगाए जाएंगे। अब गली, चौक, और आउटर सड़कें भी सीसीटीवी निगरानी में आएंगी, एनएचएआई भी 70 से ज्यादा कैमरे लगाएगा।
थ्री-ई सिस्टम का प्रभाव
यह प्रणाली ‘THE-E’ यानी Enforcement, E-Challan और E-Education पर आधारित है। इसका उद्देश्य केवल जुर्माना नहीं, बल्कि यातायात जागरूकता को भी बढ़ावा देना है।
नवा रायपुर में भी बन चुका है हाईटेक कंट्रोल रूम
नवा रायपुर में पहले चरण में 128 कैमरे लगाए जा चुके हैं और दूसरे चरण में 230 कैमरे और जोड़ने की योजना है। इसके लिए एक अलग नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों का बयान
अतिरिक्त परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के अनुसार यह योजना केंद्र सरकार की पहल पर शुरू की जा रही है। एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने जानकारी दी कि प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और जल्द ही कैमरे लगने शुरू होंगे।