FD से करोड़ों की धोखाधड़ी, एक्सिस बैंक का अधिकारी फरार.

छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ शहर में स्थित एक्सिस बैंक की शाखा से करोड़ों की धोखाधड़ी सामने आई है। महावीर तालाब के सामने स्थित इस बैंक से संबंधित मामला उस वक्त उजागर हुआ, जब कई ग्राहकों ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में अनियमितता पाई। बैंक के लोन विभाग में कार्यरत एक वरिष्ठ अधिकारी ने बिना ग्राहकों की अनुमति के FD राशि में से लगभग 80% तक पैसे निकालकर अन्य खातों में ट्रांसफर कर दिए।

इस आर्थिक अपराध की शुरुआती जांच से पता चला है कि लगभग 5 करोड़ रुपए की धनराशि को इस जालसाजी के माध्यम से इधर-उधर किया गया। आरोपी अधिकारी घटना के बाद से एक सप्ताह से फरार है, जिससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।

इस धोखाधड़ी में शहर के बड़े व्यापारी, राइस मिलर, सूद देने वाले तथा कुछ किसान भी शामिल हैं, जिनके FD से पैसे गायब हुए हैं। लोगों में भय और नाराजगी दोनों है, लेकिन बैंक प्रबंधन की चुप्पी ने शक और गहरा कर दिया है।

डोंगरगढ़ थाना प्रभारी उपेंद्र शाह ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिल चुकी है। हालांकि, बैंक प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में पुलिस औपचारिक जांच की शुरुआत कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *