छत्तीसगढ़ के चकरभाठा इलाके में ऑनलाइन गेम ‘फ्री फायर’ खेलते समय एक 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान आदित्य लखवानी के रूप में हुई है, जो अपने दोस्तों के साथ सड़क पर टहलते हुए मोबाइल में गेम खेल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गेम में ध्यान लगाए होने के कारण आदित्य का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर सिर के बल सड़क पर गिर पड़ा। गिरते ही उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे वह बेहोश हो गया।
ऑनलाइन गेमिंग एप हो सकता है जानलेवा
परिजन और दोस्त उसे तुरंत इलाज के लिए बिल्हा के एक अस्पताल ले गए, जहां से उसे सिम्स रायपुर रेफर किया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी — डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई राहुल भयानी ने बताया कि आदित्य को बचपन से ही फ्री फायर गेम खेलने की लत थी। वह अक्सर चलते-फिरते भी मोबाइल स्क्रीन में ही खोया रहता था। घटना के समय भी वह गेम में पूरी तरह डूबा हुआ था।
इस दुखद घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है और क्षेत्र में ऑनलाइन गेम्स के प्रति जागरूकता की आवश्यकता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों में गेमिंग की लत पर समय रहते नियंत्रण जरूरी है।