छत्तीसगढ़ सरकार ने जल संसाधन विकास को लेकर एक और बड़ा कदम उठाया है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के खैरागढ़ विकासखंड में लमती फीडर जलाशय और इसकी सहायक नहरों के निर्माण के लिए 242 करोड़ 77 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इस परियोजना का उद्देश्य खरीफ सीजन में सिंचाई की सुविधा को बढ़ाना है। योजना पूरी होने पर लगभग 1,840 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचित किया जा सकेगा, जिससे क्षेत्र के किसान सीधे लाभान्वित होंगे।
तय समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
जल संसाधन विभाग, मंत्रालय (महानदी भवन) रायपुर द्वारा इस योजना की जिम्मेदारी रायपुर स्थित मुख्य अभियंता, महानदी गोदावरी कछार को सौंपी गई है। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत बजट के अनुसार निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर उसे तय समय में पूर्ण किया जाए।
यह परियोजना क्षेत्र के ग्रामीण और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ी सौगात मानी जा रही है। नहरों और जलाशय का निर्माण ना केवल फसल उत्पादन को बढ़ावा देगा, बल्कि जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण में भी सहायक होगा।