छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। प्रतापपुर ब्लॉक के मदननगर गांव को राजपुर और बलरामपुर से जोड़ने वाला पुल बह जाने से लोगों का आना-जाना पूरी तरह ठप हो गया है। इसके बावजूद ग्रामीण जान जोखिम में डालकर बह चुके पुल के किनारे से आवाजाही कर रहे हैं।
गंभीर हालात के बीच ग्रामीणों को बस तक पहुंचने के लिए अब पांच किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे न केवल बच्चों और बुजुर्गों को कठिनाई हो रही है, बल्कि बीमार और आपात स्थिति के लोग भी फंसे हुए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुल की खराब स्थिति की जानकारी एक माह पहले ही जनपद सीईओ को दी गई थी, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। प्रशासन की लापरवाही से ग्रामीणों में रोष है और वे अब समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।