बॉलीवुड के किंग खान कहे जाने वाले शाहरुख खान ने अपने 33 साल लंबे करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। उन्हें फिल्म ‘जवान’ में उनके बेहतरीन अभिनय के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला है। यह पहला मौका है जब शाहरुख को उनके अभिनय के लिए राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान मिला है, और इस खबर से उनके फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
1 अगस्त की शाम जैसे ही 71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स की सूची जारी हुई, शाहरुख खान का नाम बेस्ट एक्टर के रूप में सामने आया। इसके तुरंत बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक भावुक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने अपनी भावनाएं खुलकर जाहिर कीं।
वीडियो में शाहरुख ने कहा, “नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित होना मेरे लिए गर्व और विनम्रता का पल है। यह क्षण मैं हमेशा याद रखूंगा।” उन्होंने इस सम्मान के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, ज्यूरी और सभी संबंधित लोगों को धन्यवाद दिया जिन्होंने उन्हें इस पुरस्कार के काबिल समझा।
फिल्म ‘जवान’ के निर्देशक एटली कुमार और पूरी टीम को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि उन पर विश्वास जताने और इस भूमिका के लिए चुनने के लिए वे आभारी हैं। शाहरुख ने साथ ही राजकुमार हिरानी और सिद्धार्थ आनंद का भी जिक्र किया, जिन्होंने उनके 2022 के प्रोजेक्ट्स को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने अपनी टीम, मैनेजमेंट और खासकर परिवार का भी धन्यवाद किया जो हर परिस्थिति में उनका साथ देते हैं। शाहरुख ने कहा कि उनके जुनून और सिनेमा के प्रति लगाव को उनके परिवार ने हमेशा समझा और सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि यह अवॉर्ड उन्हीं के प्यार और समर्थन की वजह से संभव हो पाया।
शाहरुख खान ने यह भी कहा कि यह अवॉर्ड सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि यह उन्हें याद दिलाता है कि उनका काम मायने रखता है। यह उन्हें प्रेरणा देता है कि वे लगातार बेहतर करते रहें, फिल्मों में सच्चाई दिखाएं और अपने दर्शकों से जुड़े रहें। “यह अवॉर्ड एक जिम्मेदारी है, जिससे मैं सिनेमा को और समर्पित होकर आगे बढ़ूंगा,”
अपने फैंस का जिक्र करते हुए शाहरुख बोले, “आप सभी की तालियों, आंसुओं और प्यार के लिए दिल से शुक्रिया। यह अवॉर्ड आप सभी के लिए है।” वीडियो के अंत में उन्होंने अपने अंदाज़ में कहा, “पॉपकॉर्न तैयार रखिए, मैं फिर थिएटर में लौटूंगा और स्क्रीन पर भी। अभी एक हाथ से ही करता हूं- रेडी…”