छत्तीसगढ़वासियों के लिए एक बड़ी सौगात सामने आई है। 3 अगस्त से रायपुर-जबलपुर के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। रेल मंत्री 3 अगस्त को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। भारत सरकार छत्तीसगढ़ में रेलवे सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में 44,657 करोड़ की लागत से अनेक रेलवे परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
वर्ष 2025 के बजट में छत्तीसगढ़ को रिकार्ड 6,925 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इससे रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। रायपुर-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के बीच आवागमन को आसान बनाएगी। व्यापार, शिक्षा और पर्यटन को नया बल मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पहल के लिए केंद्र सरकार और रेल मंत्री को धन्यवाद दिया।