देश में उपराष्ट्रपति पद को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद अब नए उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजा है। पत्र में उन्होंने छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश बैस को उपराष्ट्रपति पद का उपयुक्त उम्मीदवार बताया है।
उन्होंने लिखा कि रमेश बैस न केवल 7 बार सांसद रह चुके हैं, बल्कि कई राज्यों के राज्यपाल भी रह चुके हैं। त्रिपुरा, झारखंड और महाराष्ट्र जैसे प्रमुख राज्यों में उन्होंने प्रशासनिक अनुभव अर्जित किया है।
दीपक बैज ने यह भी लिखा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने हर आम चुनाव में भाजपा को भरपूर समर्थन दिया है। वर्ष 2000 से अब तक हर लोकसभा चुनाव में औसतन 10 सीटें भाजपा को इस राज्य से मिली हैं। फिर भी छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार में केवल राज्यमंत्री का प्रतिनिधित्व ही मिला है। बैज का कहना है कि यह समय छत्तीसगढ़ को उचित सम्मान देने का है।
उन्होंने मांग की कि उपराष्ट्रपति पद के लिए रमेश बैस जैसे अनुभवी नेता को चुना जाए।