पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा पर फोकस

छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने नवा रायपुर स्थित महानदी भवन मंत्रालय में राजिम कुंभ (कल्प) मेला 2026 की तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 1 से 15 फरवरी 2026 तक गरियाबंद जिले के त्रिवेणी संगम में आयोजित होने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन को पूरी गरिमा, दिव्यता और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

मंत्री अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि राजिम कुंभ में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले के शुभारंभ से पहले, यानी 1 फरवरी तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हो जानी चाहिए।

सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक विस्तृत चर्चा

समीक्षा बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, संगम स्नान के लिए पर्याप्त बलों की तैनाती, स्वच्छता, जल प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, सड़कों की मरम्मत, पार्किंग व्यवस्था और शटल सेवा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से विचार किया गया।
इसके साथ ही संत-महात्माओं के लिए विश्राम गृह, कांवड़ियों के लिए शेड, चिकित्सा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, दाल-भात केंद्र, पेयजल व्यवस्था और आपदा प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया गया।

सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों को मिलेगी भव्यता

राजिम कुंभ 2026 को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक उत्सव के रूप में भी प्रस्तुत करने की योजना है। बैठक में भक्ति संगीत, लोकनृत्य, अखाड़ा जुलूस, मीना बाजार और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

कलेक्टर ने प्रस्तुत की प्रगति रिपोर्ट

गरियाबंद कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। मंत्री ने कार्यों में और तेजी लाने तथा आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *