छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन के दौरान आर्थिक रूप से परेशान तीन जरूरतमंदों को इलाज के लिए सहायता राशि प्रदान की। उपचार कराने में कठिनाई का सामना कर रहे परिवारों की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने कुल 55 हजार रुपए के चेक सौंपे।
इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बीच आर्थिक राहत मिली। जनदर्शन में मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना और तत्काल सहयोग उपलब्ध कराया।
सात वर्षीय आवान की थेरेपी के लिए मिले 40 हजार उपचार सहायता
रायपुर निवासी मोहम्मद आरिफ अपने सात वर्षीय बेटे मोहम्मद आवान के उपचार के लिए जनदर्शन में पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका बेटा ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है और उसकी नियमित थेरेपी पर हर महीने लगभग 40 हजार रुपए खर्च होते हैं।
दुर्घटना में चोटिल होने के बाद आरिफ के पास फिलहाल रोजगार का कोई साधन नहीं है। ऐसे में परिवार का खर्च चलाने के साथ बच्चे की नियमित थेरेपी जारी रखना उनके लिए मुश्किल हो गया था।
परिवार की स्थिति को समझते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आवान की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपए का चेक प्रदान किया। इस उपचार सहायता से परिवार को बच्चे की थेरेपी जारी रखने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने आवान के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
ज्ञानेश कुमार साहू को उपचार के लिए 10 हजार रुपए
पाटन से जनदर्शन में पहुंचे ज्ञानेश कुमार साहू ने मुख्यमंत्री को अपनी पेट संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में बताया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे आवश्यक उपचार नहीं करा पा रहे थे।
उनकी परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री ने इलाज के लिए 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। इससे उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्या के उपचार में सहयोग मिलेगा।
70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी को भी मिली आर्थिक मदद
रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के उपचार के लिए भी मुख्यमंत्री ने सहायता उपलब्ध कराई। मुख्यमंत्री ने उनकी बेटी ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपए का चेक सौंपा।
इस तरह जनदर्शन में तीन जरूरतमंद परिवारों को कुल 55 हजार रुपए की उपचार सहायता प्रदान की गई।
जनदर्शन से जरूरतमंदों को मिल रहा तत्काल सहयोग
मुख्यमंत्री जनदर्शन आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर देता है। इसके माध्यम से आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे लोग अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और अन्य समस्याओं से शासन को अवगत करा सकते हैं।
जनदर्शन में जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की पहल संवेदनशील प्रशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उपचार सहायता मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को कठिन परिस्थितियों में राहत और आगे बढ़ने का संबल मिलता है।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री जनदर्शन में फरहीन की मदद, पढ़ाई जारी रखने किया प्रोत्साहित