कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा रेलवे स्टेशन पर शनिवार को अचानक एक विशालकाय अजगर निकलने से अफरा-तफरी मच गई। प्लेटफार्म नम्बर एक पर लगभग 12 फीट लंबा अजगर रेंगता हुआ दिखाई दिया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों और यात्रियों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजगर करीब आधे घंटे तक प्लेटफार्म और पटरी के बीच घूमता रहा। इस दौरान रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना स्नेक कैचर टीम को दी।
सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा। सौभाग्य से इस दौरान कोई हानि नहीं हुई।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब कोरबा रेलवे स्टेशन पर सांप दिखाई दिया हो। इससे पहले भी प्लेटफार्म नम्बर एक पर कोबरा मिलने की घटना सामने आ चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे प्रशासन को प्लेटफार्म और आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।