रायपुर में 1 सितंबर से लागू होगा ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान.

रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने घोषणा की है कि अब जिले में बिना हेलमेट लगाए दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं मिलेगा। यह नियम 1 सितंबर से कड़ाई से लागू किया जाएगा।

एसोसिएशन ने इस निर्णय की जानकारी उप मुख्यमंत्री डॉ. अरुण साव और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह को ज्ञापन सौंपकर दी। संगठन का मानना है कि रायपुर में लगातार सड़क हादसों की संख्या बढ़ रही है और उनमें सबसे ज्यादा प्रभावित दोपहिया वाहन चालक हो रहे हैं। अधिकतर मामलों में यह पाया गया है कि घायल या मृत चालक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके चलते सिर पर गंभीर चोटें आईं।

इस स्थिति को देखते हुए एसोसिएशन ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह पहल की है। उनका कहना है कि ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ अभियान से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर अंकुश लगेगा।

अभियान के तहत जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर यह नियम लागू रहेगा। मतलब यह कि पेट्रोल पंप कर्मचारी बिना हेलमेट पहने आए किसी भी दोपहिया चालक को पेट्रोल देने से मना कर देंगे। एसोसिएशन का दावा है कि इस निर्णय से लोग मजबूरी में ही सही, लेकिन हेलमेट पहनने की आदत डालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *