“मैं कार्यकर्ता हूं, नितिन नवीन मेरे बॉस हैं”, बोले पीएम मोदी

भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय नेतृत्व मिल गया है। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष रहे नितिन नवीन ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाल लिया। सोमवार को चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके नाम पर औपचारिक मुहर लगी। नितिन नवीन को 14 दिसंबर 2025 को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था, जिसके बाद अब वे भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर कार्यकर्ता भावना को केंद्र में रखते हुए कहा, “भाजपा का कार्यकर्ता होना मेरा गर्व है। मैं कार्यकर्ता हूं और नितिन नवीन मेरे बॉस हैं।” पीएम मोदी के इस बयान को संगठनात्मक अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक माना जा रहा है।

“हमारी जड़ें जमीन में गहरी हैं” – पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और पार्टी की जड़ें समाज में गहराई तक फैली हुई हैं। उन्होंने संगठन पर्व की प्रक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी संविधान की भावना के अनुरूप, पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से यह प्रक्रिया संपन्न हुई है।

एनडीए समन्वय पर भी दी अहम जिम्मेदारी

प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि नितिन नवीन को केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि एनडीए के सभी घटक दलों के साथ भी बेहतर समन्वय स्थापित करना होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 वर्ष विकसित भारत के निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और नितिन नवीन जैसे युवा व ऊर्जावान नेतृत्व की इसमें अहम भूमिका होगी।

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

पीएम मोदी ने नितिन नवीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने भाजपा के सभी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का भी अभिनंदन किया और कहा कि पार्टी का फोकस संगठन विस्तार के साथ-साथ कार्यकर्ता निर्माण पर भी है।

जेपी नड्डा ने बताया ऐतिहासिक क्षण

पूर्व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं देते हुए इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन एक मूल कार्यकर्ता हैं, वैचारिक रूप से परिपक्व हैं और कम उम्र में पांच बार विधायक रह चुके हैं। बिहार सरकार में मंत्री रहने से लेकर राष्ट्रीय युवा मोर्चा के महासचिव और विभिन्न राज्यों के प्रभारी के रूप में उनका अनुभव संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *