छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर बड़ा बदलाव

छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर एक बड़ा और अप्रत्याशित मोड़ सामने आया है। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ स्पेशल जोनल कमेटी (एमएमसी जोन) के प्रवक्ता अनंत ने आधिकारिक पत्र जारी करते हुए 1 जनवरी से हथियारबंद संघर्ष विराम की घोषणा की है। यह घटनाक्रम संकेत देता है कि नक्सली संगठन आंतरिक रूप से गहरे मतभेदों और टूट का सामना कर रहा है।

पत्र में अनंत ने स्पष्ट रूप से कहा है कि नक्सली संगठन अब बंटी हुई स्थिति में है और दो गुटों में बंटने के कारण लगातार कमजोर हो रहा है। इसी वजह से संगठन के सदस्य यह सोच रहे हैं कि जो राज्य सरकार उन्हें ससम्मान पुनर्वास और सुरक्षा प्रदान करेगी, वे सामूहिक रूप से उसका हिस्सा बनने को तैयार हैं।

उन्होंने आगे कहा कि —
🔹 समर्पण के लिए नक्सली सदस्य एक-एक करके नहीं, बल्कि सभी एक साथ आत्मसमर्पण करना चाहते हैं
🔹 सुरक्षा बलों द्वारा जारी अभियानों को अस्थायी रूप से रोकने का अनुरोध किया गया है
🔹 इस बार “नक्सली सप्ताह” न मनाने का निर्णय भी लिया गया है

यह पत्र सीधे छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्रियों को संबोधित किया गया है। इसमें पुनर्वास के लिए उचित समय और विश्वास का वातावरण देने की मांग की गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि एमएमसी जोन द्वारा संघर्ष विराम की घोषणा नक्सली आंदोलन के इतिहास में एक केंद्र बिंदु परिवर्तन साबित हो सकती है। यदि सामूहिक आत्मसमर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ती है, तो प्रभावित इलाकों में सुरक्षा, विकास और स्थानीय शांति स्थिरता को बड़ी राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *