मध्याह्न भोजन में लापरवाही! बच्चों को कुत्ते का जूठा खाना परोसा, टीका लगवाने पहुंचे 78 बच्चे.

बलौदाबाजार जिले के लछनपुर मिडिल स्कूल में मिड डे मील योजना में बड़ी लापरवाही सामने आई है।
सोमवार को स्कूल में बने भोजन को एक आवारा कुत्ते ने जूठा कर दिया, लेकिन महिला समूह ने उसे बच्चों को परोस दिया।घटना में 84 बच्चों को वही भोजन जबरदस्ती खिला दिया गया, जबकि शिक्षकों ने ऐसा न करने की हिदायत दी थी।
बच्चों ने जब घर जाकर यह बात अभिभावकों को बताई, तब गांव में हड़कंप मच गया और नाराज पालक स्कूल पहुंच गए।

शाला समिति के अध्यक्ष झालेंद्र साहू से अभिभावकों ने इस घटना की शिकायत की और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
स्कूल प्रशासन ने स्वीकार किया कि उन्होंने रसोइयों को मना किया था, पर उन्होंने निर्देशों को नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद अभिभावकों ने बच्चों को पास के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां 78 बच्चों को एंटी-रेबीज का टीका लगाया गया।
डॉ. वीणा वर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की चिंता और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीकाकरण किया गया।

कसडोल विधायक संदीप साहू ने इस गंभीर मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

कलेक्टर दीपक सोनी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम दीपक निकुंज को जांच सौंप दी है। एसडीएम ने बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों और शाला समिति के बयान दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। हालांकि, रसोइया समूह की महिलाएं अब तक जांच में शामिल नहीं हुई हैं, जिससे सवाल और बढ़ गए हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट मांग रखी है कि दोषी समूह को तत्काल हटाया जाए और कानूनी कार्रवाई की जाए।

एसडीएम दीपक निकुंज ने कहा कि सभी पक्षों से बयान लिए जा रहे हैं और स्थिति स्पष्ट होते ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय लोग अब इस मामले को लेकर काफी आक्रोशित हैं और भोजन व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *