मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जशपुर जिले के महत्वपूर्ण कांसाबेल-बगीचा मार्ग के उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण परियोजना को प्रशासनिक स्तर पर नई गति मिली है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस परियोजना की निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।
करीब 29 करोड़ 08 लाख 06 हजार रुपए की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 39 किलोमीटर लंबे मार्ग का मजबूतीकरण किया जाएगा। सड़क उन्नयन के साथ-साथ आवश्यक पुल और पुलियों का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में आवागमन अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बन सके। विभागीय अधिकारियों के अनुसार परियोजना पूर्ण होने के बाद सड़क की गुणवत्ता और परिवहन सुविधा में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
कांसाबेल से बगीचा तक का यह मार्ग क्षेत्रीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जाता है। इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक, किसान, व्यापारी, विद्यार्थी तथा यात्री आवाजाही करते हैं। लंबे समय से सड़क की स्थिति प्रभावित होने के कारण लोगों को यात्रा के दौरान कठिनाइयों और अतिरिक्त समय का सामना करना पड़ रहा था। कई स्थानों पर सड़क की जर्जर स्थिति से परिवहन संचालन भी प्रभावित हो रहा था।
राज्य सरकार का मानना है कि इस सड़क परियोजना के माध्यम से न केवल परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। सड़क संपर्क बेहतर होने से कृषि उत्पादों के परिवहन में सुविधा होगी और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को विस्तार मिलेगा। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को भी सुरक्षित एवं तेज आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
परियोजना में पुल-पुलियों के निर्माण को विशेष प्राथमिकता दी गई है, ताकि बरसात के मौसम में आवागमन बाधित न हो। इससे दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी पूरे वर्ष बनी रहेगी और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच आसान हो सकेगी। स्थानीय नागरिकों ने राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी अधोसंरचना के विस्तार से विकास को स्थायी आधार मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दिए जाने के परिणामस्वरूप सड़क परियोजनाओं में तेजी देखी जा रही है। क्षेत्रीय विकास और कनेक्टिविटी सुधार की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है।