छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए दिव्यांग बच्चों के कल्याण के लिए एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय श्री सुरेन्द्र डेका की स्मृति में रायपुर स्थित कोपलवाणी चाइल्ड वेलफेयर आर्गेनाइजेशन को 2 लाख रुपये का निजी अनुदान प्रदान किया है।
इस आर्थिक सहयोग से संस्था में “श्री सुरेन्द्र डेका पुरस्कार” की स्थापना की जाएगी। इसके अंतर्गत हर वर्ष संस्था के दो उत्कृष्ट दिव्यांग बच्चों को स्वर्गीय श्री सुरेन्द्र डेका के जन्मदिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार बच्चों को शिक्षा, प्रतिभा और सर्वांगीण विकास के लिए प्रोत्साहित करने का माध्यम बनेगा।
राज्यपाल श्री डेका ने इस अवसर पर विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाएगी और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होगी।
लोकभवन में चेक सौंपा गया
22 जनवरी 2026 को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल श्री रमेन डेका ने संस्था की अध्यक्ष श्रीमती पद्मा शर्मा को अनुदान राशि का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर संस्था की सदस्य श्रीमती भारती शर्मा, सुश्री सेजल सिंघानिया और श्री कुणाल टांक भी उपस्थित रहे।
यह पहल न केवल सामाजिक संवेदनशीलता का परिचायक है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के प्रति उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा भी देती है।