ECI का बड़ा फैसला: अब EVM पर रंगीन फोटो के साथ दिखेंगे प्रत्याशी
चुनाव आयोग (ECI) ने मतदान प्रक्रिया को और पारदर्शी व आसान बनाने के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। अब ईवीएम (EVM) पर प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिन्ह के साथ उनकी रंगीन फोटो भी प्रदर्शित होगी। यह नई व्यवस्था सबसे पहले बिहार विधानसभा चुनाव से लागू की जाएगी।
आयोग ने बताया कि EVM बैलेट पेपर की डिजाइन और मुद्रण शैली में सुधार किया गया है ताकि मतदाता प्रत्याशी को आसानी से पहचान सकें। अब तस्वीर में प्रत्याशी का चेहरा तीन-चौथाई हिस्से में साफ दिखाई देगा, वहीं फॉन्ट का आकार भी बड़ा और बोल्ड होगा।
इसके अलावा, ईवीएम बैलेट पेपर 70 GSM गुलाबी रंग के कागज पर छापे जाएंगे, जिससे उनकी गुणवत्ता और स्पष्टता दोनों बढ़ेगी। सभी उम्मीदवारों और “नोटा” को एक ही फॉन्ट और साइज में प्रदर्शित किया जाएगा।
चुनाव आयोग ने बताया कि यह कदम मतदान प्रक्रिया को आधुनिक और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में उठाया गया है। पिछले छह महीनों में आयोग ने 28 नए सुधारात्मक कदम उठाए हैं और यह फैसला उनमें से सबसे अहम है।