पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर स्थित लवली पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह बम की धमकी भरा कॉल आने के बाद अफरा-तफरी मच गई। सुबह तकरीबन 10:40 बजे एक अनजान कॉलर ने दावा किया कि स्कूल के अंदर विस्फोटक रखा हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड तुरंत मौके पर पहुंच गए।
आनन-फानन में छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर स्कूल परिसर को पूरी तरह सील कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने अंदर जाकर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार अब तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच जारी है और टीम हर कोने की बारीकी से जांच कर रही है।
बढ़ती धमकियों और सुरक्षा चिंताओं के बीच यह घटना फिर एक बार स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस कॉल के स्रोत और धमकी के पीछे की मंशा की जांच में जुटी है।