होली से पहले 10 हजार करोड़ किसानों के खातों में

छत्तीसगढ़ सरकार ने होली से पूर्व किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की है कि धान के अंतर की 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि 28 फरवरी को बिलासपुर से राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी।

रायपुर स्थित निवास कार्यालय में विभिन्न जिलों से आए कृषकों ने मुख्यमंत्री से भेंट कर निर्णय के प्रति आभार व्यक्त किया। राज्य सरकार के अनुसार यह अंतरण प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण प्रणाली के तहत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। चालू विपणन वर्ष में 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई है। अंतर राशि का भुगतान होली से पहले सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से रियायती दर पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही सिंचाई विस्तार के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रयास जारी हैं। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *