छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन में जल्द ही बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है। इसी संदर्भ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और संगठन महामंत्री पवन साय आज दिल्ली के लिए रवाना हुए। वे भाजपा संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे।
दिल्ली प्रस्थान से पूर्व मीडिया से चर्चा में किरण सिंह देव ने कहा कि संगठन के विस्तार को लेकर जल्द ही निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए कि संगठनात्मक स्तर पर कुछ बड़े बदलाव होने जा रहे हैं, जिससे पार्टी को मजबूती मिलेगी।
इस दौरान उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत को भेजे गए कारण बताओ नोटिस पर भी प्रतिक्रिया दी। किरण सिंह देव ने बताया कि पार्टी को अब तक रवि भगत से कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ है। यदि निर्धारित समय सीमा में जवाब नहीं दिया गया, तो उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द की जा सकती है।
गौरतलब है कि रवि भगत ने कुछ दिनों पूर्व सोशल मीडिया में एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने जिला खनिज न्यास (DMF) की राशि को गांवों में खर्च किए जाने की मांग की थी। उनका कहना था कि इस निधि से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, जल और अन्य विकास कार्य पूरे किए जा सकते हैं।
हालांकि, पार्टी ने इस वीडियो को अनुशासनहीनता मानते हुए रवि भगत को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया था।