भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक साझेदारी को लेकर एक बड़ा संकेत सामने आया है। भारत में नव-नियुक्त अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आने वाले एक-दो वर्षों में भारत का दौरा कर सकते हैं। साथ ही, दोनों देशों के बीच लंबे समय से चर्चा में रहे व्यापार समझौते (ट्रेड डील) को लेकर द्विपक्षीय वार्ता लगातार आगे बढ़ रही है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचने पर पदभार ग्रहण करने के बाद राजदूत गोर ने भारत को अमेरिका का महत्वपूर्ण और भरोसेमंद साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि मतभेद किसी भी रिश्ते का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन सच्चे दोस्त उन्हें पीछे छोड़कर आगे बढ़ने में विश्वास रखते हैं।
गोर ने राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच व्यक्तिगत तालमेल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मोदी-ट्रंप की दोस्ती मजबूत और सच्ची है, जिसका असर दोनों देशों के रिश्तों पर साफ दिखाई देता है। राजदूत के अनुसार, इसी आपसी विश्वास के चलते राष्ट्रपति ट्रंप का भारत दौरा भविष्य में तय माना जा रहा है।
व्यापार समझौते को लेकर राजदूत गोर ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील को अंतिम रूप देने के लिए सक्रिय बातचीत जारी है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि भारत अमेरिका के नेतृत्व वाली प्रमुख वैश्विक पहलों, जिनमें पैक्स सिलिका शामिल है, का हिस्सा बनेगा।
भारत आगमन को अपना सौभाग्य बताते हुए गोर ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य भारत-अमेरिका संबंधों को अगले स्तर तक ले जाना है। आने वाले समय में रक्षा, व्यापार, तकनीक और वैश्विक सहयोग के क्षेत्रों में दोनों देशों के रिश्तों के और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।