GST सुधार से आम जनता को मिलेगी राहत, व्यापार को नई गति: भूपेंद्र सवन्नी

जीएसटी सुधार से आम जनता को मिलेगी राहत: भूपेंद्र सवन्नी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि हाल ही में किए गए जीएसटी सुधार भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगे। आयकर में राहत के बाद जीएसटी स्लैब में सरलीकरण और दरों में कमी से न केवल आम आदमी को फायदा होगा बल्कि उद्योग-व्यापार में भी नई ऊर्जा का संचार होगा।

उन्होंने बताया कि पहले 17 तरह के टैक्स और 13 तरह के सेस अलग-अलग स्तर पर लगाए जाते थे। लेकिन अब जीएसटी में चार की जगह दो स्लैब रखे जाने, आवश्यक वस्तुओं पर कर शून्य करने और कई उत्पादों पर टैक्स 10 प्रतिशत तक घटाने से देश की अर्थव्यवस्था “रामराज्य” की ओर बढ़ रही है।

भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि इन सुधारों का सबसे बड़ा लाभ सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्योगों (MSME) को मिलेगा। ट्रैक्टर और कृषि उपकरण, बीमा व शिक्षा सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल उत्पादों को किफायती बनाया गया है। वहीं हस्तशिल्प और वस्त्र उद्योग को भी प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कारीगरों को मजबूती मिलेगी।

वित्तीय वर्ष 2024-25 में जीएसटी संग्रह 22.08 लाख करोड़ रुपये तक पहुँच चुका है, जो चार वर्षों में दोगुना है। जीएसटी करदाता भी 2017 के 66.5 लाख से बढ़कर 2025 में 1.51 करोड़ हो गए हैं। यह आंकड़े भारत की आर्थिक प्रगति और जनसहभागिता का प्रमाण हैं।

सवन्नी ने बताया कि नए सुधारों से ऑटोमोबाइल क्षेत्र में वर्गीकरण के विवाद कम होंगे, निर्यात और विनिर्माण बढ़ेगा, साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि 22 सितंबर से लागू हुए सुधारों का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुँचे, इस पर सरकार विशेष निगरानी रखेगी।

इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, जिला भाजपा अध्यक्ष अरुण धर दीवान, खरसिया नपा अध्यक्ष कमल गर्ग, वरिष्ठ भाजपा नेता गुरुपाल भल्ला, विवेक रंजन सिन्हा, श्रीकांत सोमवार, सतीश बेहरा, जतिन साव, विकास केडिया और अनुपम पाल सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी गणेश अग्रवाल एवं सह-प्रवक्ता अशोक अग्रवाल ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *