रायपुर में ‘लखपति महिला पहल’ कार्यशाला, 11 राज्यों से अधिकारी होंगे शामिल

रायपुर में 9 से 11 जुलाई 2025 तक लखपति महिला पहल कार्यशाला का आयोजन होने जा रहा है,
जो भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आयोजित की जा रही है।
इस क्षेत्रीय स्तर की कार्यशाला में 11 राज्यों—मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु और हरियाणा—के अधिकारी, विशेषज्ञ, मिशन संचालक और स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें ‘लखपति दीदी’ के रूप में उभरने में सहायता करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है।
इस कार्यशाला में वित्तीय समावेशन, कौशल विकास, वेल्यू चेन निर्माण, तकनीकी नवाचार, बाजार उपलब्धता जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

उद्घाटन समारोह में भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव टीके अनिल, संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा,
तथा छत्तीसगढ़ शासन की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक और सचिव भीम सिंह उपस्थित रहेंगे।
भारत सरकार के सचिव शैलेश कुमार सिंह और एमएसएमई मंत्रालय के सचिव एस. सी. एल. दास
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मार्गदर्शन देंगे।

इस दौरान स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगेगी, जिससे उन्हें बाज़ार से जोड़ने में सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *