ट्रंप का चीन पर बड़ा बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पास चीन को तबाह करने वाले कार्ड्स हैं, लेकिन उनका इस्तेमाल नहीं करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीजिंग के साथ संबंध बेहतर होंगे और अमेरिका कोई विनाशकारी कदम नहीं उठाएगा। यह बयान उन्होंने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग से व्हाइट हाउस में मुलाकात के दौरान दिया।
भारत पर बढ़ा टैरिफ 50 प्रतिशत
ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने पर भारत पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया, जिससे कुल शुल्क 50 प्रतिशत हो गया। यह बुधवार से लागू होगा। वहीं चीन, जो रूस से सबसे ज्यादा तेल खरीदता है, उस पर किसी तरह का जुर्माना नहीं लगाया गया। ट्रंप ने चीन को 90 दिनों की मोहलत दी।
ट्रंप का युद्ध रोकने का दावा
प्रेस से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि उन्होंने सात युद्ध रोके, जिनमें भारत-पाकिस्तान युद्ध भी शामिल है। उनका कहना था कि कई युद्ध उन्होंने शुल्क और व्यापारिक दबाव से रोके। ट्रंप ने कहा कि अगर कोई लड़ाई करता तो वे 100 प्रतिशत टैरिफ लगा देते, जिससे युद्ध टल गया।
भारत-पाक संघर्ष पर बयान
ट्रंप ने दावा किया कि भारत-पाक युद्ध परमाणु स्तर तक बढ़ सकता था। उनके अनुसार सात जेट पहले ही गिराए जा चुके थे और उन्होंने चेतावनी दी कि अगर लड़ाई जारी रही तो व्यापार रोक देंगे। 24 घंटे में समझौता हुआ और युद्ध टल गया। हालांकि भारत सरकार ने हमेशा स्पष्ट किया है कि संघर्षविराम का निर्णय दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच बातचीत से हुआ, किसी तीसरे देश की भूमिका नहीं थी।