T20 World Cup 2026: ICC का बड़ा फैसला, बांग्लादेश बाहर

आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) ने टी20 विश्व कप 2026 को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लेते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है। लंबे समय से चले आ रहे विवाद और हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद आईसीसी ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि बांग्लादेश की जगह अब स्कॉटलैंड ग्रुप C में हिस्सा लेगा।

सूत्रों के अनुसार, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में अपने निर्धारित मुकाबले खेलने से इनकार कर दिया था और सुरक्षा कारणों का हवाला दिया। हालांकि, आईसीसी की ओर से कई बार सुरक्षा को लेकर भरोसा दिलाया गया, इसके बावजूद बीसीबी ने अपना रुख नहीं बदला। इसी कारण आईसीसी को सख्त कदम उठाना पड़ा।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम दुबई से बीसीबी अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम बुलबुल को एक आधिकारिक ईमेल भेजकर 24 घंटे की डेडलाइन समाप्त होने की जानकारी दी गई। तय समय में औपचारिक जवाब न मिलने और प्रोटोकॉल उल्लंघन के चलते बांग्लादेश को बाहर करने का निर्णय लिया गया।

आईसीसी सूत्रों ने बताया कि बांग्लादेश ने वैश्विक संस्था को सूचना देने से पहले ढाका में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी, जो नियमों के खिलाफ था। इस कदम ने मामले को और गंभीर बना दिया। नतीजतन, रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया गया।

भारत में खेलेंगे स्कॉटलैंड के मुकाबले

अब स्कॉटलैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के मैदानों पर चार मुकाबले खेलेगा। मौजूदा शेड्यूल के अनुसार—

7 फरवरी: वेस्टइंडीज के खिलाफ

9 फरवरी: इटली के खिलाफ

14 फरवरी: इंग्लैंड के खिलाफ (कोलकाता)

17 फरवरी: नेपाल के खिलाफ (मुंबई)

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप

ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, नामीबिया, नीदरलैंड्स, अमेरिका

ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, ओमान, जिम्बाब्वे

ग्रुप C: स्कॉटलैंड, इंग्लैंड, इटली, नेपाल, वेस्टइंडीज

ग्रुप D: न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई

यह पहली बार नहीं है जब स्कॉटलैंड को इस तरह मौका मिला हो। इससे पहले 2009 में भी जिम्बाब्वे के हटने पर स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप में शामिल किया गया था। इस बार भी बांग्लादेश की जिद और निर्णयों ने स्कॉटलैंड के लिए दरवाज़े खोल दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *