बालोद जिले के कुसुमटोला माध्यमिक स्कूल में छात्रों और पालकों ने शिक्षक की कमी को लेकर जोरदार विरोध किया।
बारिश के बीच बच्चों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर बैठकर नारे लगाए और जल्द नियुक्ति की मांग की। स्कूल में कुल 51 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं लेकिन फिलहाल केवल दो शिक्षक कार्यरत हैं। तीसरे शिक्षक की पदोन्नति के बाद से पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिससे छात्र और पालक नाराज हो गए।
उन्होंने स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया और शिक्षा अधिकारियों के आने तक धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात की। बातचीत के बाद स्कूल का गेट तो खोला गया, लेकिन बच्चे स्कूल में प्रवेश नहीं किए।
अभिभावकों के साथ बच्चे बाहर बैठकर नारेबाजी करते रहे और शिक्षक की तत्काल नियुक्ति की मांग पर अड़े रहे। तहसीलदार और शिक्षक स्कूल परिसर में उपस्थित रहे लेकिन प्रदर्शनकारी लगातार मांग पर अडिग रहे।