रायपुर स्थित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ज़ोन में एक वरिष्ठ अधिकारी को मिले गुमनाम शिकायत मेल से हलचल मच गई है। मेल किसे और किस ईमेल आईडी से भेजा गया, इसे गोपनीय रखा गया है, लेकिन इसकी सामग्री तेजी से अफसरों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।
शिकायत में लंबे समय से पदस्थ स्टाफ और एक अधिकारी के चरित्र पर गंभीर आपत्तियां दर्ज की गई हैं। बताया जाता है कि मेल में कई आंतरिक जानकारियां भी हैं, जिससे संकेत मिलता है कि शिकायतकर्ता विभाग के अंदर से हो सकता है।
इस घटना के बाद अफसरों में तनाव है। एक अधिकारी ने तो अपने पूरे स्टाफ को बुलाकर सवाल किया कि क्या शिकायत में लिखी बातें सही हैं। विभाग में अटकलें लग रही हैं कि यह किसी नाराज़ अधीनस्थ की रणनीति हो सकती है। वहीं, चर्चा यह भी है कि एक अधिकारी इस विवाद के बाद डेप्यूटेशन पर जाने की कोशिश में है।