रायपुर नगर निगम ने अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर चलाई बड़ी कार्रवाई

जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश और नगर पालिक निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर रायपुर नगर निगम ने मंगलवार को अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। यह अभियान नगर निगम के जोन-5 क्षेत्र में चलाया गया।

जोन-5 जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में सहायक अभियंता नागेश्वर राव रामटेके, उप अभियंता अंकुर मिश्रा और टिकेन्द्र चंद्राकर की मौजूदगी में नगर निवेश विभाग और नगर निगम मुख्यालय की उड़न दस्ते की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अभियान के दौरान पासपोर्ट कार्यालय के पास नागरिक राम बहल सिंह द्वारा अनुमति के विपरीत किए गए निर्माण कार्य को ध्वस्त कर दिया गया। वहीं, भाठागांव इंटेकवेल क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा की जा रही अवैध प्लॉटिंग को भी निगम ने कड़ी कार्रवाई के तहत रोक दिया।

मौके पर पहुंची टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध रूप से बनाई गई मुरूम रोड को काटकर आवागमन अवरुद्ध कर दिया। इस कदम से आगे किसी भी अवैध गतिविधि पर तत्काल रोक सुनिश्चित की गई।

नगर निगम ने साफ कर दिया है कि शहर में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग करने वालों पर इसी तरह सख्त और लगातार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि शहरी विकास कार्यों में बाधा डालने वाले किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *