छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार को सरोना रिंग रोड स्थित MG कार शोरूम में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक भारी वाहन लिफ्ट के साथ अचानक नीचे गिर गया।
इस हादसे में शोरूम के एक स्टाफ सदस्य राज एस. राव गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि वह उस समय लिफ्ट के पास मौजूद थे, जब अचानक वह टूटकर नीचे आ गिरी। कार के नीचे दबने से उन्हें सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद राज राव को तत्काल कोटा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें ICU में रखा गया है। हादसा इतना भीषण था कि स्टाफ को बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
इस दुर्घटना के बारे में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि शोरूम प्रबंधन ने पुलिस को समय पर सूचना नहीं दी। घायल को शाम 5 बजे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन संबंधित थाना को देर शाम तक इस घटना की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली।
सूचना मिलते ही सरस्वती नगर पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि घायल राज राव का बयान अभी नहीं लिया जा सका है क्योंकि उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
डीडी नगर थाना पुलिस द्वारा की जा रही प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब कार को विशाल लिफ्ट से नीचे उतारा जा रहा था। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि कार सर्विसिंग के लिए ले जाई जा रही थी या ग्राहक को दिखाने के उद्देश्य से।
हादसा की जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज को भी खंगालना शुरू कर दिया है। शोरूम प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है कि हादसे के समय लिफ्ट की स्थिति क्या थी और किसके निर्देश पर यह संचालन हो रहा था।
पुलिस के मुताबिक हादसे के पीछे यदि तकनीकी लापरवाही या रखरखाव में चूक पाई जाती है, तो शोरूम के जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घायल के परिजनों का कहना है कि उन्हें भी घटना की पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। उन्होंने बस यह देखा कि राज राव को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया और इलाज चल रहा है।