रायपुर में स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले भव्य स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ दौड़ लगाई। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से तेलीबांधा तालाब से भारत माता चौक तक दौड़ का आयोजन किया गया। लोग हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ते नजर आए।
कार्यक्रम में खेल एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगा हमारे पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। हमें हमेशा इसकी शान बनाए रखनी चाहिए और सभी मिलकर विकसित, समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण करना चाहिए।
उन्होंने विभाजन विभीषिका दिवस पर भी चर्चा करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को भारत-पाकिस्तान के विभाजन की पीड़ा से अवगत कराना आवश्यक है।