रायपुर में कम विजिबिलिटी के कारण एयर इंडिया की उड़ान हुई डायवर्ट.

आज सुबह दिल्ली से रायपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2793 को रायपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग से पहले भुवनेश्वर डायवर्ट करना पड़ा। फ्लाइट सुबह 5:35 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी और 8:30 बजे रायपुर में पहुंचने का समय निर्धारित था।

रायपुर में मौसम खराब होने और रनवे पर विजिबिलिटी कम होने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने सुरक्षा को देखते हुए फ्लाइट डायवर्ट करने का निर्णय लिया। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, रायपुर के ऊपर घने बादल और सीमित विजिबिलिटी के चलते लैंडिंग असंभव थी।

यात्रियों ने जताई नाराजगी

फ्लाइट में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। इनमें प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, सराईपाली के प्रखर अग्रवाल और रायपुर के तनय लुनिया शामिल थे। डायवर्ट होने के बाद सभी यात्रियों को भुवनेश्वर एयरपोर्ट ले जाया गया।

यात्रियों ने बताया कि लंबे इंतजार के कारण वे भूखे थे। उन्होंने फ्लाइट में कॉम्प्लीमेंट्री नाश्ते की मांग की, लेकिन नाश्ता उपलब्ध नहीं होने से यात्री असंतुष्ट हो गए। यात्रियों का कहना था कि ऐसी स्थिति में एयर इंडिया को सुविधा पर विशेष ध्यान देना चाहिए था।

फ्लाइट रायपुर के लिए रवाना

एयर इंडिया की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि एयरपोर्ट प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण डायवर्ट करना जरूरी था। मौसम साफ होने के बाद फ्लाइट करीब 9:30 बजे भुवनेश्वर से रायपुर के लिए रवाना हुई और 10:30 बजे सुरक्षित रूप से रायपुर एयरपोर्ट में लैंड किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *