रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में रविवार देर रात सुरक्षा अलर्ट की स्थिति बन गई। रात 11 बजे एयरपोर्ट एंट्री के पास एक संदिग्ध लावारिस बैग मिला, जिसे देखकर सुरक्षाकर्मी और पुलिस तुरंत सतर्क हो गए।
मौके पर सीआईएसएफ और माना पुलिस के अधिकारी पहुंचे और एयरपोर्ट परिसर को घेराबंदी कर लिया। सुरक्षाकर्मियों ने यात्रियों को सुरक्षित दूरी पर किया और बैग की जांच शुरू की। बैग में बेल्ट्स बंधी हुई दिखीं, जिससे संदेह और बढ़ गया।
करीब आधे घंटे तक जांच-पड़ताल चलती रही, लेकिन जब बैग में सामान्य यात्री का सामान मिला तो अफसरों ने राहत की सांस ली। इसके बाद जानकारी सामने आई कि यह पूरी प्रक्रिया एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा की गई मॉकड्रिल थी।
जांच के चलते रात 12 बजे तक एयरपोर्ट परिसर में अलर्ट की स्थिति बनी रही। हालांकि, इस दौरान फ्लाइट संचालन सामान्य रहा और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
गौरतलब है कि देश के कई एयरपोर्टों को समय-समय पर धमकियां मिलती रहती हैं। इन्हीं सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट अथॉरिटी समय-समय पर मॉकड्रिल आयोजित करती है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे।