छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली है और आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में बस्तर, रायपुर और बिलासपुर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले एक सप्ताह में उत्तरी छत्तीसगढ़ में मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि दो दिन बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधि और तेज होगी। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में भी बादल बरस सकते हैं।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक, उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है। मानसून द्रोणिका बीकानेर, जयपुर, ग्वालियर, प्रयागराज से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इस कारण आज कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और उत्तर बस्तर कांकेर जिलों में मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
राजधानी रायपुर में आज मौसम अधिकतर बादलों से ढका रहेगा। बूंदाबांदी और गरज-चमक के साथ तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।