पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकंद नरवणे की कथित अप्रकाशित किताब को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने साफ कहा है कि उन्हें जनरल नरवणे की बातों पर पूरा भरोसा है। संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल ने कहा कि किताब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि बिना आधिकारिक प्रकाशन के यह किताब सार्वजनिक कैसे हुई। एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि या तो पूर्व सेना प्रमुख गलत हैं या फिर प्रकाशक पेंग्विन बुक्स, लेकिन उन्हें विश्वास नहीं है कि कोई पूर्व सेनाध्यक्ष झूठ बोलेगा।
राहुल गांधी ने जनरल नरवणे का एक पुराना सोशल मीडिया पोस्ट भी दिखाया, जिसमें उन्होंने खुद अपनी किताब का लिंक साझा किया था। राहुल के मुताबिक, पेंग्विन बुक्स भले ही किताब के अप्रकाशित होने की बात कह रहा हो, लेकिन वह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक्री के लिए उपलब्ध है।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि किताब में लिखी बातों से सरकार और प्रधानमंत्री असहज महसूस कर रहे हैं, यही वजह है कि पूरा मामला अब राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।