पेंड्रा में धान तस्करी का भंडाफोड़: एमपी से लाया गया 40 क्विंटल धान जब्त

छत्तीसगढ़ के पेंड्रा क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध धान तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए गुरुवार की सुबह बड़ी कार्रवाई की। उड़नदस्ता टीम ने गश्त के दौरान बचरवार–बगड़ी मार्ग पर एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया। तत्परता दिखाते हुए टीम ने बचरवार गांव के पास पिकअप को रोककर जांच की।

जांच में वाहन से 40 क्विंटल धान बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1.24 लाख रुपये आंकी गई। पूछताछ में आरोपी की पहचान रवि गुप्ता (निवासी धोबहर) के रूप में हुई। उसने बताया कि वह यह धान मध्यप्रदेश के करंजिया से खरीदकर छत्तीसगढ़ के धोबहर क्षेत्र में बेचने के इरादे से ला रहा था।

आरोपी के पास किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज न होने पर प्रशासन ने पिकअप वाहन और धान दोनों को पुलिस लाइन अमरपुर में जमा करा दिया। इस कार्रवाई का नेतृत्व तहसीलदार अविनाश कुजूर ने किया, जिनके साथ फूड इंस्पेक्टर जितेंद्र वासुदेव, पटवारी विनोद जगत और उड़नदस्ता दल के सदस्य मौजूद थे।

अधिकारियों ने बताया कि समर्थन मूल्य खरीदी शुरू होने के साथ ही अन्य राज्यों से धान की अवैध आमद पर निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी सख्ती के तहत यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। प्रशासन का कहना है कि धान तस्करी एक गंभीर अपराध है, और ऐसे मामलों में मंडी अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध धान परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *