छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर जिले के खोरा गांव में शुक्रवार को आंगनबाड़ी केंद्र जा रहे छोटे बच्चों पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। जिससे 4 बच्चे घायल हो गए। और उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानुप्रतापपुर रेफर किया गया।
हादसे के कारण गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग बच्चों को बचान के लिए दौड़े। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सतर्क हो गया। मौके की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम गंगाधर वाहिले, थाना प्रभारी रामेश्वर देशमुख और तहसीलदार सुरेंद्र उर्वशा तुरंत अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल बच्चों से मुलाकात की और चिकित्सकों को बेहतर उपचार देने के निर्देश दिए।
मधुमक्खियों का हमला बच्चों पर पहली बार नहीं हुआ है, लेकिन इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं क्योंकि हाल ही में एक और घटना सामने आई थी।
दरअसल, घटना के एक दिन पहले, गुरुवार को घोठा ग्राम पंचायत के मोहगांव प्राथमिक शाला में एक जहरीला सांप निकल आया था। सांप को देखकर बच्चों ने शोर मचाया और तुरंत शिक्षक व ग्रामीण पहुंचे। सतर्कता दिखाते हुए सांप को सुरक्षित रूप से कक्षा से बाहर निकाला गया।