रायगढ़ में किसानों के लिए खाद-बीज का अग्रिम भंडारण, 20 हजार किसानों को हुआ लाभ
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के कृषक हितैषी दृष्टिकोण के तहत राज्य में किसानों को समय पर लाभ देने के प्रयास लगातार जारी हैं। सहकारिता क्षेत्र के माध्यम से खरीफ वर्ष 2025 में रायगढ़ जिले के किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
रायगढ़ जिले की 69 सहकारी समितियों के माध्यम से खाद का अग्रिम भंडारण कर वितरण का कार्य तेज़ी से चल रहा है। अब तक 18945 टन खाद का भंडारण और 14419 टन खाद का वितरण लगभग 20 हजार किसानों को किया जा चुका है। वर्तमान में 5000 टन खाद समितियों में शेष है, जिसे किसानों की मांग के अनुरूप वितरित किया जा रहा है।
बीज निगम के माध्यम से प्रमाणित बीज भी समितियों के माध्यम से वितरित किए जा रहे हैं। 29417 क्विंटल लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 25000 क्विंटल बीज का भंडारण हो चुका है, जबकि 16500 क्विंटल बीज का वितरण भी हो चुका है।
खाद की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान
उप संचालक कृषि श्री अनिल वर्मा ने जानकारी दी कि किसानों को सरकारी दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा रहा है। दुकानों और व्यापारियों के स्टॉक की नियमित जांच की जा रही है ताकि काला बाजारी पर अंकुश लगाया जा सके। निरीक्षण के दौरान खाद के नमूने लिए जा रहे हैं, और अमानक पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
राज्य सरकार का उद्देश्य है कि किसानों को खेती के महत्वपूर्ण इनपुट्स समय पर उपलब्ध हों ताकि वे उत्पादन क्षमता बढ़ा सकें और कृषि से बेहतर लाभ प्राप्त कर सकें।