खरीफ सीजन के लिए बीजापुर तैयार, किसानों को समय पर मिलेंगे बीज-उर्वरक

खरीफ सीजन

बीजापुर जिले में खरीफ सीजन 2026 की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन, कृषि विभाग और सहकारी समितियों के समन्वित प्रयासों से किसानों को समय पर बीज और उर्वरक उपलब्ध कराने की व्यापक व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और प्रभारी मंत्री केदार कश्यप की मंशानुसार कृषि गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए अग्रिम भंडारण किया गया है। इससे किसानों को खेती के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण, वितरण जारी

कृषि विभाग के अनुसार खरीफ सीजन के लिए जिले में कुल 4665 मीट्रिक टन उर्वरक की मांग अनुमानित है। इसके मुकाबले 2296.095 मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण पहले ही किया जा चुका है। सहकारी समितियों में यूरिया, डीएपी और अन्य आवश्यक उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसानों को नियमित रूप से उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है ताकि बुआई और खेती के कार्य समय पर पूरे हो सकें।

संतुलित पोषण के लिए वैकल्पिक उर्वरकों पर जोर

इस खरीफ सीजन में किसानों को डीएपी के विकल्प के रूप में एसएसपी, 20:20:0:13 और नैनो डीएपी के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इन विकल्पों से लागत कम होगी और मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहेगी। साथ ही नाइट्रोजन की आवश्यकता पूरी करने के लिए नैनो यूरिया के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे फसलों की उत्पादकता में सुधार होने की उम्मीद है।

उन्नत बीजों की उपलब्धता से किसानों को राहत

जिले में खरीफ सीजन के लिए बीज की कुल मांग 11 हजार 994 क्विंटल निर्धारित की गई है। इसके विरुद्ध अब तक 6 हजार 239.30 क्विंटल प्रमाणित और उन्नत बीजों का भंडारण किया जा चुका है। सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे समय पर बुआई सुनिश्चित होगी और उत्पादन में वृद्धि की संभावना बढ़ेगी।

कृषि उत्पादन बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई व्यवस्थाओं के कारण खरीफ सीजन में किसानों को खेती के लिए आवश्यक संसाधन आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं। पर्याप्त भंडारण और नियमित वितरण व्यवस्था से कृषि गतिविधियों को मजबूती मिलेगी। यह पहल किसानों की आय बढ़ाने और जिले में कृषि उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें:
सुकमा में लखपति दीदी अभियान को नई गति, स्वरोजगार पर जोर
खान सर से डिजिटल एजुकेशन तक: भारत की कोचिंग इंडस्ट्री
बिरसा मुंडा बलिदान दिवस पर आदिवासी प्रतिभाओं का सम्मान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *