ऑनलाइन ठगी का शिकार हुईं कलिंगा यूनिवर्सिटी की डिप्टी मैनेजर.

रायपुर की कलिंगा यूनिवर्सिटी की डिप्टी मैनेजर जयश्री वर्मा एक बड़ी ऑनलाइन ठगी की शिकार हो गईं। जयश्री वर्मा कैरियर एंड कॉर्पोरेट रिसोर्स सेंटर में कार्यरत हैं। उन्होंने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके साथ सोशल मीडिया के ज़रिए 5.20 लाख रुपये की ठगी की गई।

यह घटना 4 अप्रैल 2025 को इंस्टाग्राम पर ‘वर्क फ्रॉम होम’ के एक विज्ञापन से शुरू हुई। इस विज्ञापन के ज़रिए जयश्री को टेलीग्राम पर एक अकाउंट ‘काव्या पूजा’ से जोड़ा गया। शुरुआत में उन्हें ₹180 का वेलकम अमाउंट और कुछ आसान टास्क के बदले ₹200 दिए गए। इससे उनका भरोसा जीता गया।

बाद में उन्हें ‘क्रूड ऑयल ग्रुप’ में जोड़ा गया और लगातार निवेश बढ़ाने का दबाव डाला गया। लालच में आकर जयश्री ने मिजोरम रूरल बैंक, एचडीएफसी और आईसीआईसीआई के विभिन्न खातों में कुल ₹5.20 लाख तक ट्रांसफर कर दिए।

ठगों ने निवेश पर 30% मुनाफे का लालच दिया, लेकिन बाद में अकाउंट ब्लॉक होने का बहाना बनाकर और अधिक रकम की मांग की। 7 से 8 अप्रैल के बीच उन्होंने अलग-अलग किस्तों में ₹40,000, ₹80,000 और ₹1.45 लाख और जमा किए, लेकिन बदले में केवल ₹10,000 ही वापस मिले।

जब लगातार और पैसे की मांग की गई, तब जयश्री को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तत्काल खमतराई थाने और साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल ठगों की पहचान और उनके बैंक खातों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *