जापान में 6.7 तीव्रता का भूकंप, तटों पर सुनामी की चेतावनी से मचा हड़कंप

जापान एक बार फिर तेज भूकंप के झटकों से दहशत में आ गया है। शुक्रवार सुबह (12 दिसंबर) देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में 6.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया। भारतीय समय के अनुसार यह भूकंप सुबह 8:14 बजे महसूस किया गया, जिसके बाद तटीय इलाकों में लोगों में भारी डर फैल गया।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार भूकंप की गहराई लगभग 10.7 किलोमीटर थी और इसका केंद्र समुद्र के काफी नज़दीक रहा। तेज झटकों के कारण तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए। इसी के साथ एजेंसी ने 1 मीटर तक ऊंची लहरों की संभावना को देखते हुए सुनामी की चेतावनी भी जारी कर दी है। कई समुद्री क्षेत्रों में दोपहर तक अलर्ट जारी रहने के निर्देश दिए गए हैं।

हालाँकि अब तक किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है, लेकिन झटकों का प्रभाव दूर बसे शहरों तक महसूस किया गया। लगातार एक हफ्ते में चौथी बार जापान में आए भूकंप ने लोगों में घबराहट बढ़ा दी है। सोमवार को आए 7.6 तीव्रता के भूकंप में 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे, वहीं मंगलवार और बुधवार को भी क्रमशः 6.7 और 6.5 तीव्रता के भूकंप दर्ज किए गए थे।

शुक्रवार को आए भूकंप के साथ एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया कि जापान भूकंप-प्रवण क्षेत्र होने के कारण लगातार प्राकृतिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि तटीय क्षेत्रों में सतर्कता बरतना अभी भी बेहद जरूरी है, क्योंकि आफ्टरशॉक्स और समुद्री हलचल का खतरा बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *